शाम को वसूल लिया नाइट चार्ज

स्वारघाट (बिलासपुर)। परिवहन निगम की ओर से नाइट बस में यात्रा का किराया बढ़ाने से आम यात्रियों को दिक्कतें उठानी पड़ रही है। शाम के समय भी बस में बैठने वाले यात्रियों से नाइट चार्ज वसूला जा रहा है। ऐसा ही मामला स्वारघाट के कुछ युवाओं के साथ हुआ। चंडीगढ़ से शाम के समय बस चली, लेकिन उनसे किराया नाइट का वसूला गया। उधर, इस बारे में विभाग के अधिकारी भी कुछ जवाब नहीं दे रहे हैं। हालांकि, मामले की छानबीन का भरोसा दिया जा रहा है। घटना स्वारघाट क्षेत्र के पेट्रोल पंप पर काम करने वाले चार युवकाें के साथ घटी। राकेश कुमार, महेंद्र कुमार, चुनीलाल और अजय कुमार चंडीगढ़ से स्वारघाट के लिए सेक्टर 43 के सीबीए काउंटर से टिकट कटवा बैठे। हालांकि, चंडीगढ़ से स्वारघाट का किराया दिन के समय लगभग एक सौ रुपये प्रति व्यक्ति बनता है। चंडीगढ़ सीबीए काउंटर से इन्हें 472 रुपये की टिकट थमा दी गई। इसे देखकर इनके होश उड़ गए। जब युवकों ने काउंटर पर तैनात कर्मचारी से पूछा कि यह किराया कब से बढ़ाया गया तो उक्त कर्मचारी ने कहा कि रात्रि बस में सफर करने को अतिरिक्त रात्रि बस सेवा शुल्क लिया गया है। युवाओं ने कहा कि वे निगम की सरकाघाट डिपो की चंडीगढ़ से सरकाघाट रूट की बस में चंडीगढ़ से सवार हुए थे। रात्रि बस शुल्क के नाम पर अतिरिक्त पैसे लिए गए। वह बस चंडीगढ़ से साढे़ पांच बजे चल पड़ी। नाइट चार्ज आठ बजे के बाद लगना है। उधर, निगम के महाप्रबंधक रघुवीर चौधरी ने कहा कि मामले की छानबीन होगी।

Related posts