
शाहतलाई (बिलासपुर)। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए शाहतलाई के झबोला निवासी अश्वनी वनयाल रविवार को राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हो गए। शहीद की अंतिम यात्रा में हजारों की भीड़ उमड़ी। रविवार सुबह सेना की टुकड़ी शहीद अश्वनी का पार्थिव शरीर लेकर पैतृक गांव पहुंची। तिरंगे से लिपटे वीर जवान की कुर्बानी पर परिजनों को ही नहीं इलाके के लोगों को भी नाज है। मां निर्मला वन्याल सदमे से नहीं उबर पा रही हैं। पार्थिव देह पहुंचते ही शहीद की अंतिम झलक पाने को लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पार्थिव देह को कुछ समय घर में रखने के पश्चात सरहयाली खड्ड के किनारे श्मशान घाट पर ले जाया गया। वहां अश्वनी वन्याल के भतीजे सचिन वन्याल ने पार्थिक देह को मुखागिभन दी। पुलिस और सेना की टुकड़ी ने सलामी दी। सूबेदार खेम सिंह, पूर्व ब्रिगेडियर राघवानंद, प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रकाश चंद, कैप्टन योगिंद्र, संसदीय सचिव राजेश धर्माणी, पूर्व मंत्री व विधायक रिखीराम कौंडल, पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक डा. वीरूराम किशोर, डीएसपी प्रताप सिंह, घुमारवीं के तहसीलदार कुलदीप पटियाल, एडीएम प्रदीप ठाकुर सहित कई लोगों ने शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की। ठाकुर रामलाल ने झबोला से शहीद के नाम पर परिजनों के घर तक 300 मीटर सड़क को पक्का करने का वायदा किया है।
