
बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर के अंतर्गत शहर के वार्ड नंबर छह कोसरियां में समस्याएं बढ़ रही हैं। वार्ड पार्षद द्वारा स्वीकृति को भेजे गए कई प्रपोजल फाइलों में ही दफन हो गए हैं। इसके चलते इस वार्ड के नुमाइंदे विकास को तरस रहे हैं। वार्ड में न ही कोई हैंडपंप है तथा न ही कोई डिस्पेंसरी। रास्तों के भी बुरे हाल हैं।
रविवार को वार्ड नंबर छह में पार्षदों द्वारा शुरू किए किए ‘आपके प्रतिनिधि आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से शहर में विकास कार्य करवाए जाएंगे।
इस दौरान वार्ड के विकास कार्यों के साथ-साथ अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई। प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में पार्षद कौशल्य कटोच ने वार्ड की समस्याओं से अवगत करवाते हुए कहा कि इस वार्ड में स्थित डीएवी स्कूल के समीप डंगा न होने के कारण समस्या बनी हुई है। सबसे ज्यादा समस्या स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कोसरियां वार्ड में तो लोगों की सुविधा के लिए हैंडपंप भी नहीं है। ऐसे में कई बार पानी की सप्लाई न आने के कारण लोगों को समस्या उठानी पड़ती है। संबधित वार्ड में स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर कोई भी डिस्पेंसरी नहीं है। वार्ड के विकास के लिए कई कार्य स्वीकृति को भेजे गए लेकिन अभी भी उन्हें स्वीकृति नहीं मिल पाई है। कार्यक्रम में लोगों को सरकारी योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर पार्षद वीरदीन, सोमा देवी, शशीबाला, सोनिका शर्मा, निर्मला राणा, सोनिया, आदित्य मोहन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
