
महादेव (मंडी)। सुंदरनगर के रोहांडा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में दो शिक्षकों ने कथित शराब के नशे में खूब हंगामा किया। मामले में प्रधानाचार्य ने शिक्षकों की छुट्टी लगाकर तथा उनके माफी मांग कर मामले को रफा दफा करने की कोशिश की है। वहीं पंचायत प्रतिनिधियों ने घटना पर कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रधानाचार्य को स्कूल में शिक्षकों के शराब पीकर हंगामा करने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहांड़ा में तैनात दो शिक्षकों ने स्कूल परिसर में ही शराब पीकर हंगामा किया। लोगों का आरोप है कि दोनों शिक्षकों ने दोपहर से ही शराब पी रखी थी। स्थानीय वार्ड गोविंद राम ने बताया कि दोनों को समझाने का प्रयास भी किया गया, परंतु दोनों गाली गलौच पर उतर आए और लोगों पर पत्थर फेंकने लगे। इस घटना की प्रधानाचार्य से शिकायत की गई, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर पंचायत प्रधान बुद्धि देवी की अगुवाई में समस्त वार्ड पंचों सहित एसएमसी प्रधान गीता देवी और स्थानीय लोगों ने स्कूल जाकर प्रधानाचार्य से घटना की शिकायत की और मामले पर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, सीसे रोहांड़ा में तैनात प्रधानाचार्य बलवंत ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जब घटना घटी, उस समय दोनों शिक्षक छुट्टी पर थे। उन्होंने बताया कि दोनों शिक्षकों ने अपनी करनी पर माफी मांग ली तथा मामला सुलझ गया है।
