परिचालक ने काट डाले स्कूली बच्चों के टिकट

गोहर (मंडी)। मंडी-जंजैहली रूट पर चलने वाली पथ परिवहन निगम के बस परिचालक ने मंगलवार सायं स्कूल से घर जा रहे बच्चों के टिकट काट दिए, जिससे स्कूली बच्चों में हड़कंप मच गया। अनेक बच्चों के पास पैसे नहीं थे, जिसके कारण उन्हें उधार मांगकर बस का किराया चुकता करना पड़ा। बच्चों का आरोप है कि उन्होंने बस परिचालक को समझाने की कोशिश की, मगर परिचालक उन पर आगबबूला हो गया। उधर, परिचालक का कहना है कि स्कूली बच्चों के आई कार्ड पर एचआरटीसी की कोई भी मोहर नहीं लगी थी। इसके कारण उसने बच्चों से किराया लिया। अभिभावकों नित्यानंद शर्मा, सतपाल शर्मा, देवी दत्त व अमर नाथ समेत अनेक अध्यापकों ने परिवहन विभाग के परिचालक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य परमिंदर ठाकुर ने बताया कि आई कार्ड पर एचआरटीसी की मोहर लगाने के बारे में सरकार द्वारा कोई भी सूचना नहीं दी गई है। वहीं एचआरटीसी मंडी के आरएम रघुवीर सिंह ने बताया कि स्कूली बच्चों के आई कार्ड में एचआरटीसी की मोहर होना जरूरी नहीं है। उन्होंने बताया कि आरएम के काउंटर हस्ताक्षर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि उपनिदेशक शिक्षा विभाग को इस संबंध में पत्र के माध्यम से सूचित कर दिया गया है। अगर परिचालक ने बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार किया है तो इस मामले की जांच की जाएगी।

Related posts