व्यापार मेले में बिखरी बाल मिठाई की खुशबू

चंपावत। नगर की बाल मिठाई नई दिल्ली में 14 नवंबर से लगे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में खुशबू बिखेर रही है। कारोबारी से पालिकाध्यक्ष बने प्रकाश तिवारी नौ वर्ष से ट्रेड फेयर में स्टाल लगा बाल मिठाई के जायके से लोगों को रूबरू करा रहे हैं। उत्तराखंड पवैलियन में लगे बाल मिठाई के स्टाल का पिछले सप्ताह प्रदेश के काबीना मंत्री हरीश दुर्गापाल ने उद्घाटन किया।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के अलावा लखनऊ, बरेली, खटीमा और देहरादून के उत्तरायणी मेले में भी नौ साल से स्टॉल लगा बाल मिठाई को नई ऊंचाई दे रहे हैं। प्रवासी उत्तराखंडियों के अलावा देश-विदेश के लोग बाल मिठाई के जायके को लेकर काफी उत्सुक दिखते हैं। तिवारी बताते हैं उद्योग विभाग के एजीएम जीबी जोशी की मदद से पहली बार 2004 में ट्रेड फेयर में शिरकत करने का मौका मिला। तब से उनका यह सफर लगातार जारी है।
उनका लक्ष्य अब मुंबई में होने वाले दीपावली महोत्सव में शिरकत करने का है। लोहाघाट के विधायक पूरन फर्त्याल, पुष्कर धामी, पूर्व विधायक प्रकाश पंत, केसी पुनेठा, बीना महराना, भाजपा नेता सुरेश जोशी आदि का कहना है कि उनके प्रयासों से बाल मिठाई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।

Related posts