
काईस (कुल्लू)। काईस क्षेत्र के तांदला, धारा, घौठ, चंदला, बिष्टबेहड़, शियापाणी सहित ठेलूराशरण के ग्रामीणों को बिजली बल्ब के साथ-साथ लालटेन भी जलानी पड़ रही है। बिजली की कम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को रात के दस बजे के बाद ही पूरी बिजली मिल पाती है। दस बजे के बाद बिजली का वोल्टेज बढ़ने से लोगों को इसका कोई फायदा नहीं मिल रहा है। काम के समय बिजली कम होने से उन्हें लालटेन जलाने पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने इस समस्या के हल के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। स्थानीय निवासी मोहर सिंह, बुद्धि सिंह, राम चंद, लाभ सिंह, खेखी देवी, दुर्गा देवी, मानदासी, चेतमू देवी, हीरा लाल, नोख राम, जीत राम, भोला राम, चमन लाल, भाग चंद, राम सिंह, संजीव कुमार, भोज प्रकाश, टिकम राम, परमानंद तथा मदन लाल ने कहा कि गांव में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बिजली बोर्ड से बिजली समस्या दूर करने के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। उधर, बिजली बोर्ड कुल्लू के सहायक अभियंता श्याम लाल बोध ने कहा कि बिजली वोल्टेज दूर करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण ट्रांसफार्मर तथा पोल लगाने के लिए जमीन नहीं दे रहे हैं। इस कारण समस्या पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि लोगों का सहयोग जरूरी है।
