
पुखरी (चंबा)। ग्राम पंचायत पुखरी के भूमणी गांव में अचानक वोल्टेज बढ़ने से बिजली के कई उपकरण जल गए। इससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। गांव में टीवी, फ्रिज, प्रेस जल गए हैं। महंगे उपकरण जलने से ग्रामीणों में काफी रोष है। स्थानीय लोगों ने विद्युत वोल्टेज बढ़ने पर बिजली बोर्ड पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों ने बताया कि गांव में 35 परिवारों के घरों में बिजली उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि बिजली की वोल्टेज अचानक बढ़ने कई उपकरण प्रयोग के योग्य नहीं बचे हैं। भूमणी गांवों के राजेश कुमार, राजेंद्र, अनु कुमार, पंकज कुमार, दिनेश कुमार, अनिल व पवन कुमार ने बताया कि वोल्टेज बढ़ने से काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बिजली बोर्ड से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही भविष्य इस तरह के घटना बचाव के लिए बिजली बोर्ड से उचित प्रबंध करने का आग्रह किया है। स्थानीय लोगों ने बिजली बोर्ड को चेतावनी दी है कि अगर ऐसी घटना की पुनरावृत्ति होती है तो वे बिजली बोर्ड के खिलाफ मोर्चा खोल देंगे।
इस संबंध में बिजली बोर्ड के एसडीओ दीपक वर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण वोल्टेज बढ़ गई थी। विद्युत कर्मी को भेजकर सब कुछ ठीक करवा दिया गया है। भविष्य में ऐसी नौबत नहीं आने दी जाएगी।
