
मंडी। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थन में जिला भर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आगे आकर भाजपा नेताओं के खिलाफ मोरचा खोल दिया है। ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन कर कांग्रेसियों ने भाजपा नेताओं के पुतले जलाकर वीरभद्र सिंह पर लग आरोपों को झूठ का पुलिंदा करार दिया। वहीं कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को क्लीन चिट मिलने का कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर लगे आरोपों के बचाव में जिला भर से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और अन्य फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। सोमवार को ब्लॉक स्तर पर कांग्रेसियों ने पूर्व मुख्यमंत्री धूमल और अनुराग ठाकुर के पुतले जलाकर वीरभद्र सिंह तथा उनके परिवार पर लगाए आरोपों का विरोध किया। नाचन, सुंदरनगर, सरकाघाट, नेरचौक, द्रंग, जोगिंद्रनगर और पंडोह में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतले जलाए थे।जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने एक साल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। वीरभद्र सिंह की बढ़ती लोकप्रियता को भाजपा नेता सहन नहीं कर पा रहे।
