वीएचपी शिवरात्रि से शुरू करेगी आंदोलन

नूरपुर (कांगड़ा)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने शिवरात्रि पर्व पर एक आंदोलन देवताओं के गुर और पुजारियों के लिए करने का शंखनाद किया है। शुक्रवार को नूरपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विहिप की दुर्गावाहिनी संस्था की उत्तरी क्षेत्र संयोजिका एवं विहिप प्रमुख रजनी ठुकराल ने कहा कि देवभूमि एवं देव परंपराओं को बचाने के लिए विहिप ने प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने का बीड़ा उठाया है। इसमें विहिप को प्रदेश भर के तकरीबन 500 गुर, पुजारियों और कारदारों का समर्थन मिल चुका है। इनके मानदेय और पेंशन की मांग को लेकर शिवरात्रि के दिन मंडी से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जा रहा है। विहिप नेत्री रजनी ठुकराल ने जानना चाहा कि यदि सरकारी खजाने से मौलवियों व इमामों को मानदेय दिया जा सकता है तो हिंदू गुर, पुजारियों और कारदारों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। इस मौके पर प्रांत संगठन मंत्री मनोज कुमार और नूरपुर नगर बजरंग दल के संयोजक निखिल महाजन मौजूद रहे।

Related posts