
विदेश भेजने के नाम पर 1.40 लाख ठगे
बद्दी (सोलन)। नालागढ़ के एक युवक से विदेश भेजने के नाम पर 1.40 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। हिल व्यू अपार्टमेंट में रहने वाला दंपति मामले की भनक लगने के बाद से परिवार सहित फरार है। आरोपी की ओर से शिकायतकर्ता को दिया 60 हजार का एडवांस चेक भी बाउंस हो गया है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
नालागढ़ निवासी रवि कुमार पुत्र सुरेंद्र की शिकायत पर बरोटीवाला पुलिस ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी रविंद्र कुमार के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि इस तरह के और मामले भी हो सकते हैं। क्षेत्र में रह रहा दंपति ने कई लोगों को विदेश भेज चुका है।
नालागढ़ के रवि कुमार ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि कुरुक्षेत्र निवासी रविंद्र कुमार अपने परिवार के साथ हिल व्यू अपार्टमेंट में किराये के मकान में रहता था। वर्ष 2012 वे इनसे मिले। रवि कुमार ने रविंद्र को बताया कि वह सिंगापुर जाना चाहता है। इसके लिए उन्होंने एक लाख 80 हजार रुपये मांगे। 2 अगस्त 2012 को रवि कुमार ने रविंद्र को एक लाख 40 हजार रुपये दिए। रविंद्र ने रवि कुमार को विश्वास दिलाने के लिए 60 हजार रुपये का एडवांस चेक भी दिया। बाद में न तो रविंद्र कुमार का कोई पता चला, साथ ही उसने जो चेक दिया था वह भी बैंक में बाउंस हो गया। रवि कुमार ने पुलिस को बताया कि रविंद्र कुमार की पत्नी व पिता ने भी उसे भरोसा दिलाया कि वह उन्हें पैसे दे दे तथा उसका काम हो जाएगा। लेकिन लंबे समय से विदेश भेजने के नाम वे टालमटोल कर रहे थे। बीते पांच दिनों से पूरा परिवार गायब है। इसके बाद रवि कुमार ने पुलिस में केस दर्ज करवाया।
एसपी अरुल कुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि की कि पुलिस ने रविंद्र कुमार के खिलाफ धारा 420 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपी हिल व्यू में चलाता था रेस्तरां
सूचना के मुताबिक आरोपी हिल व्यू में रेस्तरां भी चलाता था। यही नहीं कस्टमर को भी कई तरह के झूठे लालच देने की फिराक में रहता था। इसने अपार्टमेंट में रह रहे कई लोगों को फंसाने के लिए जाल भी बुना। वहीं क्षेत्र में और भी कई धोखाधड़ी के मामले आ सकते हैं।
