
चंबा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर स्थानीय चौगान मैदान में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी दी। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से सामाजिक सेवा क्षेत्र को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में इस वर्ष एक हजार 371 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के सभी लंबित 10 हजार 900 मामलों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अनुसूचित जाति उप योजना के अंतर्गत इस वर्ष एक हजार 14 करोड़ रुपये आवंटन का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धन, अवासहीन लोगों के लिए एक हजार के करीब मकानों का निर्माण किया जाएगा। लोगों को सस्ता राशन उपलब्ध करवाने के लिए 175 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राजीव गांधी डिजीटल छात्र योजना के तहत 10वीं व 12वीं कक्षा के 5 हजार मेधावी छात्रों को निशु़ल्क नोट बुक प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 6300 से अधिक पीटीए शिक्षकों की सेवाओं को आठ वर्ष का नियमित सेवाकाल पूरा करने पर उन्हें अनुबंध आधार पर परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। करीब 2100 पैरा टीचर्स को 10 साल के सेवाकाल के बाद नियमित किया जाएगा। यही नहीं 3500 के करीब पैट शिक्षकों के मानदेय को बढ़ाकर 8900 रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़कों के विस्तार व उन्हें सुदृढ़ करने पर 2291 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मुख्यातिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक बीके चौहान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज, उपायुक्त संदीप कदम, एडीएम संदीप कुमार, एसपी जगत राम, एसडीएम बचन सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इंसेट……..
इन्हें मिला पुरस्कार
कोरिया में आयोजित स्नो बोडीग खेल में दो स्वर्ण पदक विजेता रहे संजय कुमार को 25 हजार रुपये का नकद ईनाम देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा वन रक्षक ओम प्रकाश, स्कूली छात्रा पायल, सुनील कुमार, लाल चंद, अशोक कुमार, शिव नाथ, शकुंतला, आशा, संजय कुमार, हेम सिंह, केवल कुमार, योगेश, गोपाल और आशिष शर्मा शामिल रहे।
