
चंबा। वन्य प्राणी विभाग ने मिनी स्विटजरलैंड खज्जियार में अतिक्रमण करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को मैदान में लगी रेहड़ियों को हटा दिया है। खज्जियार मैदान में किसी को भी रेहड़ी लगाने की इजाजत नहीं है। जानकारी के मुताबिक खज्जियार में स्थानीय लोगों ने अवैध रूप से रेहड़ियां लगा रखी थीं। ये रेहड़ियां गैर कानूनी तरीके से लगाई गई थीं। इन रेहड़ी वालों को विभाग की ओर से परमिट जारी नहीं किए गए थे। स्थानीय लोेग बिना परमिट ही यहां डेरा जमाकर बैठे हुए थे। इससे जहां पर्यटन स्थल की खूबसूरती धूमिल हो रही थी, वहीं गैर कानूनी तरीके से लोग व्यापार कर रहे थे। वन्य प्राणी विभाग ने ऐसे अवैध कब्जा धारकों को हटा दिया है। इस संबंध में वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ राकेश कुमार ने बताया कि खज्जियार में स्थानीय लोगों ने गैर कानूनी तरीके से रेहड़ियां लगा रखी थीं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से ऐसी रेहड़ियों को हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अतिक्रमण करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।
बाक्स
पशु चराने पर नहीं है रोक
खज्जियार मैदान में जहां एक ओर रेहड़ी लगाने वालों को हटा दिया गया है। वहीं, मैदान में पशुओं को चराने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। खज्जियार मैदान में स्थानीय लोग मवेशियों को चरा सकते हैं। विभाग की ओर से मवेशियों को चराने पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
