
कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में पौंग बांध के पास प्रदेश का सबसे लंबा पुल बनेगा। केंद्र सरकार की केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष (सीआरआईएफ) के तहत सेतु बंधन योजना के अंतर्गत पौंग बांध के अनुप्रभाह (डाउनस्ट्रीम) पर 105 करोड़ रुपये से 800 मीटर लंबा पुल बनेगा। पीडब्ल्यूडी ने डीपीआर और बजट को मंजूरी मिलने के बाद अब पुल के निर्माण के लिए टेंडर कर दिया है।
इस प्रोजेक्ट की फाइल पीडब्ल्यूडी के सचिव के कार्यालय में है। फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के सथाना गांव में पुल बनेगा। इस पुल के बनने से हिमाचल और पंजाब के बीच वाहनों की आवाजाही आसानी से होगी। इस मार्ग से फतेहपुर, जवाली, इंदौरा और जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्रों समेत आसपास के क्षेत्र के लोगों की आवाजाही होती है। संसारपुर टैरेस से महज 100 मीटर की दूरी पर पंजाब का तलवाड़ा बाजार है। पौंग बांध की सुरक्षा की दृष्टि से लगी बंदिशों के से लोगों को आवाजाही में दिक्कतें आती हैं।
