लोकसभा चुनाव : हिमाचल कांग्रेस ने इन प्रत्याशियों के नाम पार्टी हाई कमान को भेजने के लिए किया विचार

लोकसभा चुनाव  : हिमाचल कांग्रेस ने इन प्रत्याशियों के नाम पार्टी हाई कमान को भेजने के लिए किया विचार

मुख्यमंत्री आवास पर सुखविंदर सिंह सुक्खू , प्रतिभा सिंह , और मुकेश अग्निहोत्री ने लोकसभा चुनाव में किस सीट से किन -किन प्रत्याशियों के नाम हाई कमान को भेजे जाए इस पर विचार -विमर्श किया गया ।

प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ओकओवर शिमला में संभावित प्रत्याशियों को लेकर विस्तार से मंथन किया।

इस दौरान विधायकों को चुनाव मैदान में उतारने से होने वाले नुकसान और, अन्य नेताओं की जिताऊ क्षमता पर चर्चा की गई। इन तीनों नेताओं के बीच हुई बैठक में कुछ संभावित प्रत्याशियों के नाम शार्टलिस्ट किए गए हैं। अब 18 मार्च को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में इन नामों को रखा जाएगा।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि मंडी संसदीय सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह का चुनाव लड़ना लगभग तय है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के गृह संसदीय क्षेत्र हमीरपुर से प्रत्याशी तलाशना पार्टी के लिए चुनौती भरा काम हो गया है। यहां से रामलाल ठाकुर और सतपाल रायजादा के नाम पर हालांकि चर्चा है लेकिन अन्य विकल्प भी देखे जा रहे हैं।

कांगड़ा से पूर्व मंत्री आशा कुमारी, युवा नेता करण सिंह पठानिया, सेवानिवृत्त मेजर जनरल डीवीएस राणा के नाम को लेकर माथापच्ची चल रही है। शिमला सीट से अमित नंदा, सोहन लाल, कौशल मुंगटा के नाम हाईकमान को भेजने पर लगभग सहमति बन गई है। हमीरपुर सीट पर कांग्रेस लगातार आठ चुनाव हार चुकी है। शिमला और कांगड़ा में लगातार तीन चुनावों में हार हुई है।

मंडी में कांग्रेस ने वर्ष 2021 में हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की है। उधर, शुक्रवार को हुई बैठक के दौरान शिमला सीट से विधायक विनोद सुल्तानपुरी, कांगड़ा से रघुवीर सिंह बाली को भी प्रत्याशी बनाने को लेकर चर्चा हुई लेकिन प्रदेश में चल रही सियासी उठापटक के चलते इस विकल्प पर काम नहीं करने का ही फैसला लिया गया। आगे किस को टिकट मिलती है किसको नहीं इस पर अंतिम फैसला पार्टी हाई कमान ही लेगा ।

Related posts