लापरवाह ठेकेदारों को दिए जाएं नोटिस

सांगला (किन्नौर)। विधानसभा उपाध्यक्ष एवं किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी ने शुक्रवार को पूर्वणी, तालंगती, बारंग, मेबर, भावावैली, उरनी, ब्रुआ और शौंग क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में छोटे वाहनों के लिए बहाल की गई सड़कों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को काम में लापरवाही कर रहे ठेकेदारों को नोटिस जारी करने को कहा।
इस दौरान उन्होंने रल्ली में ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना। इसके बाद उन्होंने विभाग के अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को समय रहते दूर करने के आदेश जारी किए। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि सेब सीजन शुरू होने से पहले जिले की सभी सड़कों को बहाल कर दिया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को कड़े आदेश दिए गए हैं। उन्होंने इस मौके पर बिजली बोर्ड और आईपीएच के अधिकारियों को भी आदेश दिए कि जिले में जहां अभी बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है, उसे जल्द बहाल किया जाए। इस अवसर पर कांग्रेस के जिला महासचिव भूपेंद्र नेगी, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अधिवक्ता प्रताप नेगी, प्रवक्ता सूर्य बोरस, प्रधान बारंग शशी नेगी, बीडीओ कल्पा जगत सिंह नेगी, बीडीसी सदस्य हरि नेगी, ग्राम कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष परमेश्वर नेगी, वर्तमान प्रधान मेबर लोबजंाग पालमो नेगी, पूर्व प्रधान नाराण देवी नेगी सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे।

Related posts