
नई टिहरी। जिला सर्तकता समिति के अध्यक्ष और गढ़वाल सांसद सतपाल महाराज ने कहा कि स्वीकृत बजट समय पर खर्च नहीं करने वाले अधिकारियों की चरित्र पंजिका में प्रतिकूल प्रवृष्टि अंकित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आधुनिक तकनीकी का प्रयोग कर जनभावना के अनुरूप कार्य करें। महाराज ने पंपिंग पेयजल योजनाओं के निर्माण में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए संकटग्रस्त क्षेत्रों में टैंकरों से जलापूर्ति के निर्देश दिए।
विकास भवन में सर्तकता समिति की बैठक लेते हुए सांसद ने कहा कि पहाड़ की योजनाओं का कार्य ऐसी एजेंसियों से कराएं जो कार्य समय पर पूरा कर सकें। जौनपुर में पीएमजीएसवाई में निर्माणाधीन खैराड़ मोटर मार्ग के निर्माण की जांच के आदेश दिए गए। स्कूलों में बनाए जा रहे शौचालयों में वॉशबेसन लगाने को कहा। जिन सड़कों पर कार्य पूरा हो गया है, वहां शीघ्र बस सेवा संचालित करें। पीपलडाली से प्रतापनगर जाने वाली बस सेवा बंद करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मनरेगा में पंजीकृत श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार देने और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में एनआरएचएम योजना का लाभ देना सुनिश्चित करें। डीएम नितेश झा ने कहा कि समय-समय पर योजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रतनसिंह गुनसोला, सीडीओ संविन वंसल, प्रमुख रजनी सजवाण, गीता रावत, पार्वती कैंतुरा, जेपी शाह आदि मौजूद थे।
