रोहड़ू-शिमला सड़क पर दौड़े छोटे वाहन

रोहड़ू। रोहड़ू-शिमला मुख्य मार्ग हिमपात के बाद चौथे दिन छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। हालांकि, उपमंडल के अधिकांश ग्रामीण रूटों पर यातायात ठप है। हिमपात के बाद दूरदराज क्षेत्र के गांवों में संपर्क कटा हुआ है। लोगों को मौसम खुलने के बाद पैदल सफर करना पड़ रहा है।
हिमपात के कारण मंगलवार से रोहड़ू तथा जुब्बल के सभी गांव अलग-थलग पड़े हुए हैं। रोहड़ू-शिमला मार्ग को खड़ापत्थर में भारी हिमपात के बाद छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। रोहड़ू से शिमला के लिए अभी परिवहन निगम की बसें वाया उत्तराखंड तथा पांवटा नाहन होकर चलाई जा रही हैं। आपात स्थिति में शिमला आने-जाने वाले छोटे वाहन भी तीन दिन से से वाया पांवटा चलाए जा रहे हैं। रोहड़ू उपमंडल के मुख्य ग्रामीण मार्ग यातायात के लिए बंद पड़े हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से लोग रोजमर्रा के सामान के लिए पैदल बाजार तक पहुंच रहे हैं। परिवहन निगम के अड्डा प्रभारी चतर सिंह ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सभी मार्ग अभी बंद हैं। रोहड़ू-जुब्बल के निचले क्षेत्रों में कुछ मार्गों पर बस सेवाएं शुरू हो गई हैं। रोहड़ू डिपो की हरिद्वार तथा अन्य मार्ग पर बसें चल रही है। लोनिवि के एक्सईएन करतार चंद ने बताया कि शिमला मुख्य मार्ग को वाहनों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के सभी संपर्क मार्गों पर मौसम खुलते ही मशीनें लगा दी गई हैं। सभी सड़कों को शीघ्र यातायात के लिए बहाल किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में दर्जनों मशीनें बर्फ हटाने के लिए लगाई गई हैं।

Related posts