रोहड़ू के 80 फीसदी रूटों पर यातायात ठप

रोहडू। सातवें दिन भी निगम की बस सेवाएं बहाल नहीं हो पाई हैं। पथ परिवहन निगम के रोहडू डिपो की बस सेवाएं सातवें दिन भी 80 प्रतिशत रूटों पर ठप रहीं। जुब्बल, रोहडू, चिड़गांव तथा नावर क्षेत्र के सभी ग्रामीण रूटों पर पथ परिवहन निगम की अधिकांश बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। शिमला राज मार्ग यातायात के लिए ठप पड़ा हुआ है। रूटों पर फंसी हुई निगम की बारह बसें अभी तक नहीं निकाली जा सकी हैं। इसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हिमपात के सातवें दिन भी शिमला राज मार्ग बंद है। जुब्बल तक भी निगम की बस सेवाएं बहाल नहीं हो पाई हैं। जुब्बल तक मार्ग पर छोटे वाहन तो चल रहे हैं, लेकिन सड़क पर अधिक फिसलन होने के कारण छोटे वाहनों को चलाना भी मुुश्किल हो गया है। लोनिवि मशीनों की मदद से बंद सड़कों को खोलने का प्रयास कर रहा है। पथ परिवहन निगम रोहडू डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक ख्याली राम ने बताया कि निगम के 80 प्रतिशत रूट बंद हैं। शिमला राजमार्ग पर बस सेवाएं नहीं चलाई जा रही हैं। जुब्बल तक भी बसें भेजना मुश्किल हो रहा है।

Related posts