रोजगार पंजीकरण को लंबा इंतजार

बिलासपुर। समय 11:10 बजे। दिन: बुधवार। स्थान जिला रोजगार कार्यालय। आबकारी एवं कराधान विभाग के समीप ही बने इस कार्यालय भवन के बाहर युवक-युवतियों की लंबी लाइन। लाइन में खड़े युवक-युवतियां अपने पंजीकरण के लिए आवेदन करने पहुंचे हैं। कोई दूसरे दिन आया है तो कोई तीसरे दिन। भीतर जाकर देखा तो कंप्यूटर पर एक कर्मचारी डाटा एंट्री करने में जुटे हैं। पूछा तो बताया गया कि कौशल विकास भत्ते की शर्त आठवीं और दसवीं पास करने के बाद से पंजीकरण को फिर युवाओं की भीड़ उमड़ रही है। स्टाफ के अभाव में यहां लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य सरकार ने कौशल विकास भत्ता हासिल करने के नियमों में फेरबदल किया है। अब तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के अलावा आठवीं और दसवीं पास भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। लिहाजा, रोजगार कार्यालयों में युवाओं की फौज उमड़नी शुरू हो गई है। कई बार नेटवर्क खराब रहने के कारण कंप्यूटर पर एंट्री नहीं हो पा रही। घुमारवीं उप रोजगार कार्यालय की स्थिति को और भी गंभीर है। वहां पर पंजीकरण को आने वाले युवाओं को एडवांस बुकिंग करनी पड़ रही है। पर्ची देकर उन्हें पंजीकरण की तिथि बताई जाती है। बिलासपुर रोजगार कार्यालय पहुंची सुशीला ने बताया कि वह मंगलवार को भी यहां आई थी। अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ। नीरज के अनुसार आज उनका तीसरा दिन है। आज पंजीकरण होगा या नहीं इसकी भी गारंटी नहीं है। रेखा, अनीता, तेजस्वनी, रोहित कुमार, विवेक ठाकुर ने कहा कि कार्यालय में स्टाफ बढ़ाया जाना चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी सुभाष ठाकुर ने कहा कि युवाओं के पंजीकरण को समय पर करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्टाफ की कमी और कई बार वक्त लग रहा है। उस पर नेटवर्क डाउन रहने से भी दिक्कतें हो रही हैं।

Related posts