
अंब (ऊना)। कलरूही रेप-मर्डर केस में सनसनी फैलाने वाली महिला को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। स्थानीय स्तर पर किसी प्रकार की सुरक्षा न मिलने के कारण उसे पंजाब में शरण लेनी पड़ रही है। यह कहना है महिला के अधिवक्ता नरेंद्र परमार का। कुछ दिन पहले ही कलरूही मर्डर केस में संलिप्त आरोपियों के बारे में बयान देकर क्षेत्र की महिला ने सबको सकते में डाल दिया था। महिला के दावों की एक चैनल ने भी रिकार्डिंग की थी। जिले के एएसपी ने चैनल को बताया था कि पुलिस विभाग ने इस मामले को संजीदगी से लिया है और महिला के बयान धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने कलमबद्ध होंगे। इसी दौरान महिला को अलग-अलग नंबरों से फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला के अधिवक्ता नरेंद्र परमार की मानें तो ऐसे मामले में गवाह को सुरक्षा मिलनी चाहिए थी। यदि महिला का दावा सच है तो क्षेत्र में सबसे बड़ी मर्डर मिस्ट्री में लड़की की अहम भूमिका से नकारा नहीं जा सकता। उधर, अंब के एसएचओ गुरदीप सिंह ढिल्लो का कहना है कि इस संदर्भ में कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि कोई शिकायत आती है तो अवश्य कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
