
वसंत विहार निवासी युवक ने शादी का वायदा करके लड़की से फिजिकल रिलेशन बना लिए। लेकिन बाद में मुकर गया, तो लड़की ने रेप का मामला दर्ज करवा दिया अब कानूनी दांव पेंच से बचने के लिए युवक शादी के लिए हामी भर रहा है।
अब कानूनी शिकंजे से बचने के लिए आरोपी ने हाईकोर्ट के सामने लड़की से शादी के लिए हामी भर दी। अदालत ने भी स्पष्ट कर दिया कि विवाह के बाद ही जमानत पर विचार किया जाएगा।
जस्टिस सुनीता गुप्ता के समक्ष आरोपी शमशेर जंग ने अग्रिम जमानत आवेदन पेश किया। आरोपी के अधिवक्ता ने कहा कि उनके मुवक्किल को फर्जी मामले में फंसाया गया है। उसने रेप नहीं किया जो भी हुआ आपसी सहमति से हुआ। उसने कभी भी विवाह से इंकार नहीं किया। अत: अग्रिम जमानत प्रदान की जाए।
इसके बाद अदालत ने पीड़िता व आरोपी को तलब कर लिया। अदालत के समक्ष आरोपी ने माना कि उससे गलती हुई है। वह विवाह के लिए तैयार है। पीड़ित युवती ने भी कहा कि यदि आरोपी गलती सुधार के विवाह करता है तो उसे कोई शिकायत नहीं है।
अदालत ने आरोपी को निर्देश दिया कि वह पीड़िता से विवाह करके पंजीकरण करवाए। दोनों तीन माह तक साथ रहने के बाद अदालत को रिपोर्ट करें। यदि इस अवधि में पीड़िता को तंग नहीं किया गया तो वे आरोपी की अग्रिम जमानत पर सुनवाई करेंगी। इस दौरान आरोपी की गिरफ्तारी पर रोक लगी रहेगी। अदालत ने मामले की सुनवाई 11 मार्च तय की है।
