रेड जून किस्म का सेब पहुंचा मंडी, 45 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिका

रेड जून किस्म का सेब पहुंचा मंडी, 45 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिका

प्रदेश में सेब सीजन की शुरुआत हो गई है। रविवार को राजधानी शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी में पहली बार रेड जून किस्म का सेब पहुंचा। सरकार के निर्देशों पर मंडी में इस बार किलो के हिसाब से सेब की बोली लगी। 45 रुपये प्रति किलो के हिसाब से सेब बिका। नीलामी स्थल पर सभी पेटियों का वजन भी किया गया। पेटियों का वजन 18 से 21 किलो के बीच निकला।

मंडी में पहली बार किलो के हिसाब से सेब की बोली लगने पर आढ़ती, पल्लेदार और खरीददार खासे उत्साहित दिखे। 20 किलो की पेटी 900 रुपये में बिकी। भट्ठाकुफर फल मंडी में एक दुकान के संचालक अतर सिंह ने बताया कि खोली कुमारसैन के बागवान ओम प्रकाश वर्मा अपना 29 पेटी रेड जून सेब रविवार सुबह बेचने के लिए लाए।

वजन करने पर पेटियां 18 से 21 किलो के बीच निकलीं। खुली बोली 30 रुपये से शुरू हुई और 45 रुपये किलो के रेट पर बीएफसी फर्म ने इसे खरीदा। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। हालांकि पहले दिन बागवान ने पेटी पर वजन नहीं लिखा था। उन्हें वजन लिखने को लेकर जागरूक किया गया है। रेड जून सेब बाजार में जल्द आता है और इसके सवाद में हल्की खटास होती है। यह प्रदेश के निचले पहाड़ी क्षेत्रों में होता है।

45 रूपये किलो के रेट पर बिका रेड जून सेब : कश्यप
एपीएमसी शिमला एवं किन्नौर के सचिव देवराज कश्यप ने बताया कि भट्ठाकुफर फल मंडी में रविवार को रेड जून किस्म का सेब 45 रुपये प्रतिकिलो के रेट पर बिका है। सरकार के आदेशों के अनुसार किलो के हिसाब से सेब की बोलियां लगीं और हर पेटी का वजन भी किया गया। आढ़ती और खरीदार मंडी समिति के निर्देशों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं।

सेब की आमद बढ़ने पर पेश आ सकती है समस्या
आढ़तियों ने आशंका जताई की सीजन के रफ्तार पकड़ने के बाद जब सेब की आमद बढ़ेगी, तब भट्ठाकुफर फल मंडी में जगह कम होने के कारण समस्या पेश आ सकती है। इस साल मंडी के आसपास स्टोर भी आसानी से नहीं मिल रहे। हर साल आढ़ती 5 से 10 लाख रुपये में स्टोर किराये पर लेते हैं। मंडी शिफ्ट करने की योजना भी बागवानों के लिए हितकर नहीं है।

Related posts