रूठों को मनाएंगे, प्रत्याशी जिताएंगे : धूमल

धर्मपुर (मंडी)। विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर के निवास स्थान चंजियार गांव में धार्मिक समारोह में शरीक हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल समेत कई पार्टी नेताओं ने मंडयाली धाम चखी। साथ ही आगामी लोक सभा चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं से चरचाएं भी की। विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी से बगावत करने वाले सुंदरनगर के पूर्व विधायक रूप सिंह ठाकुर व महंत राम चौधरी ने समारोह में पहुंच कर महेंद्र सिंह ठाकुर के प्रति मित्रता व मधुर संबंधों को बयां किया। विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट न मिलने से निर्दलीय चुनाव लड़े रूप सिंह ठाकुर भी पूर्व मुख्यमंत्री धूमल से गुप्तगू करते रहे।
विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर के घर पर धार्मिक समारोह व जन्म दिन की खुशी पर एकत्रित हुए भाजपा नेताओं ने राम कथा के समापन पर मंडयाली धाम के चटकारे लिए। वहीं, आने वाले लोक सभा चुनाव व देश व प्रदेश में नमो की लहर पर चरचा की। प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रदेश के लोग भी केंद्र की यूपीए सरकार को बाहर करने के मूड में हैं। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को सुजानपुर में होने वाली नरेंद्र मोदी की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए सब जुट जाएं। लोस चुनावों को हलके में नहीं लेना चाहते और रूठों के साथ मिलकर पार्टी प्रत्याशी को हर हाल में जिताने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई और एक वर्ष में कांग्रेस ने अपना जनाधार खो दिया है।

Related posts