
ऊना। जिला मुख्यालय के एक कार्यालय में शनिवार को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए मोटर व्हीकल पंजीकरण विभाग के आरोपी क्लर्क को विजिलेंस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है। रविवार को आरोपी क्लर्क को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। जबकि विजिलेंस ने मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी विजिलेंस विजय सकलानी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता संजीव कुमार निवासी सलोह की शिकायत पर आरोपी क्लर्क संजीव कुमार निवासी दौलतपुर को शनिवार पांच हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। इंस्पेक्टर शेर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने क्लर्क को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि क्लर्क को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।
