रिटायरमेंट पार्टी में गए कर्मी की मौत

पुखरी (चंबा)। क्षेत्र की टिकरी पंचायत के एक व्यक्ति की अचानक मौत हो गई है। अधेड़ व्यक्ति की मौत से घारी गांव में मातम का माहौल है।
होशियारा राम पुत्र देऊ गांव घारी पंचायत टिकरी मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के साथी कर्मचारी की रिटायरमेंट पार्टी में मसरूंड गया था। वहां पर उन्होंने अपने साथी कर्मचारियों के साथ पार्टी में हिस्सा लिया और रात को खाना खाने के बाद वहीं पर सो गया। होशियारा राम भी लोक निर्माण विभाग में कार्यरत था। बुधवार सुबह होशियारा राम मृत पाया गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना परिवार के सदस्यों और पुलिस को दी। पुलिस टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलवंत सिंह की अगुवाई ने मौके पर जाकर शव को अपने कब्जे में लिया और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया और पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। होशियारा राम के दो लड़के और तीन लड़कियां है। इनमें से चार बच्चों की शादी हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी की अचानक मौत पर विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे स्थानीय लोगों में काफी रोष देखा गया। उधर, आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत हृदय गति रुकने से हुई है। एएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि आईपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

Related posts