रिकांगपिओ में पेयजल आपूर्ति ठप

रिकांगपिओ (किन्नौर)। मौसम की पहली बर्फबारी ने आईपीएच विभाग की पोल खोल कर रख दी है। रिकांगपिओ और आसपास वाले क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है जिससे लोगों को सर्दी के मौसम में भी पानी की तलाश में भटकना पड़ रहा है। हालांकि रिकांगपिओ में अभी केवल दो से तीन इंच बर्फबारी हुई है। जबकि अभी भी किन्नौर मेें मौसम खराब बना हुआ है। ऐसे में पानी की आपूर्ति बहाल करना विभाग के लिए परेशानी बना हुआ है।
बर्फबारी के बाद रिकांगपिओ, आईटीआई क्षेत्र, दाखो, सरकारी कालोनी, कोठी मोड़ क्षेत्र सहित कई क्षेत्रों में कई दिनों से पेयजल की आपूर्ति न के बराबर है लेकिन इसके बाद भी आईपीएच विभाग की ओर से पानी की नियमित आपूर्ति के लिए कोई पुख्ता प्रबंध नहीं किए गए। ऐसे में लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
तेजस्वी नेगी, अरुण नेगी, सुंदर भगती, राम लाल नेगी, देव, नगेंद्र, प्यारे लाल नेगी सहित अन्य लोगों का कहना है कि अभी तो केवल दो से तीन इंच बर्फबारी हुई है। ऐसे में पानी की आपूर्ति ठप है। जबकि आने वाले समय में क्या होगा। रिकांगपिओ में लगभग 75 दैनिक भोगी मजदूर काम करते हैं लेकिन इसके बाद भी पानी की आपूर्ति ठप है। आईपीएच विभाग रिकांगपिओ के एसडीओ वीरेंद्र पठानिया का कहना है कि लाइन जाम हो जाने के कारण पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है जिसके चलते लोगों को सुबह के बदले शाम तीन बजे से सात बजे तक पानी आपूर्ति की जा रही है।

Related posts