राजगढ़ में जड़ी-बूटी से भरा ट्रक पकड़ा

राजगढ़ (सिरमौर)। वन विभाग की टीम ने यशवंतनगर में बैरियर के समीप गैंगहट नामक जगह पर एक ट्रक से अवैध तस्करी करके ले जाई जा रही लाखों की औषधीय जड़ी-बूटी बरामद की।
कीमती औषधीय जड़ी-बूटी तथा पत्तियाें के 82 बोरी टेक्सस बकाटा (गल्ला) के पत्ते तथा आठ बोरी सतवा बरामद करने में सफलता हासिल की। इन पत्तियों और जड़ी-बूटी का बाजार भाव करीब सात आठ लाख रुपये आंका जा रहा है। वन विभाग की टीम ने ट्रक को माल सहित जब्त कर लिया है। मामला आगामी छानबीन के लिए पुलिस को दे दिया है। यशवंतनगर में स्थित वन विभाग के बैरियर प्रभारी जंग बहादुर तथा वन रक्षक वीरेंद्र कुमार ने एक गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार प्रात: राजगढ़-सोलन मार्ग पर यशवंतनगर में गैंगहट के समीप प्रात: पांच बजे नाका लगा रखा था। इस दौरान एक ट्रक नंबर एचपी 16-2429, जो करगाणू निवासी योगराज का है, वह स्वयं ही इसे चला रहा था। इसे प्रात: करीब सात बजे जब रोका गया तो इसकी चैकिंग के दौरान उसमें 90 बोरियों में प्रतिबंधित औषधीय जड़ी बूटी सतवा तथा टेक्सस बकाटा की हरी पत्तियां भरी थीं। वन विभाग की टीम ने ट्रक को माल इंपाउंड करके राजगढ़ लाया और इसका वजन किया। वन परिक्षेत्राधिकारी अमर सिंह ने बताया कि इसमें कुल 90 बोरियां व एक थैला बरामद किया गया। इनमें आठ बोरियों तथा एक थैले में 258 किलो सतवा की जडे़ं तथा 82 बोरियों में 35 क्विंटल 61 किलो टेक्सस बकाटा की पत्तियां पाई गईं। इन सब की कीमत वन विभाग ने करीब सात लाख आंकी है। जबकि, बाजार भाव से यह करीब आठ से दस लाख तक हो सकती है। वन परिक्षेत्राधिकारी ने बताया कि ट्रक के मालिक योगराज ने उन्हें बताया है कि यह माल पुलवाहल से अमृतसर के लिए जिला शिमला की चौपाल तहसील के थाना जोड़ना निवासी लायकराम ने लदाया था और कहा था कि उसके पास इसकी अनुमति है। यह किसका माल है और कहां से आया है, इसकी जांच के लिए वन विभाग इस मामले को पुलिस को दे रही है।

Related posts