
नादौन(हमीरपुर)। बेला पंचायत के टिल्लू गांव में भाटड़ा बस्ती में सोमवार रात को एक रसोई घर अचानक गिर गया। घर के मालिक रोशन लाल ने आरोप लगाया कि ढलान पर बने उनके घर के नीचे की ओर चल रहे निर्माण कार्य के चलते यह घटना हुई है। उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात अचानक पूरा रसोई घर रसोई सामान सहित ढलान के नीचे कीे ओर गिर गया। उन्होंने बताया कि आवाज सुनते ही परिवार सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने रसोई के साथ बने उनके पक्के मकान को भी खतरा होने की आशंका व्यक्त की है। रोशन लाल के परिवार ने इस घटना की सूचना पंचायत प्रधान अवतार सिंह को दी। पंचायत ने मौके का जायजा लिया तथा मशीन द्वारा चलाए जा रहे कार्य को रूकवा दिया। स्थानीय पुलिस ने भी मौके का दौरा किया। गौर हो कि इससे पूर्व भी स्थानीय लोगों ने यहां चल रहे कार्य को लेकर इस मकान पर खतरे की आशंका व्यक्त की थी। उधर, पंचायत प्रधान अवतार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने मौके का दौरा किया है तथा भूमि पर कार्य करवा रहे व्यक्ति को एक सप्ताह में बस्ती की ओर डंगा लगाने के आदेश दिए हैं । उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति ने भी लिखित तौर पर यह कार्य करवाने के लिए हामी भर दी है ।
