युवाओं को महत्वपूर्ण ओहदे दे कांग्रेस

केलांग। लाहौल स्पीति कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर संगठन बारे चरचा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लाहौल स्पीति कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र कारपा ने किया। राजेंद्र कारपा ने संगठन में युवाओं की भूमिका को लेकर सुक्खू से चर्चा की। कारपा ने संगठन में युवाओं को जोड़ने की बात करते हुए कहा कि एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस से निकले युवाओं को पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण स्थान दें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि संगठन में आने वाले दिनों में युवाओं को महत्वपूर्ण भूमिका दी जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलकर लाहौल घाटी के लिए नियमित हेलीकाप्टर उड़ानें करवाए जाने का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि लाहौल घाटी के चौखंग हेलीपेड के लिए जल्द उड़ान की व्यवस्था की जाए। प्रतिनिधिमंडल में लाहौल ब्लाक समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान ब्लाक समिति सदस्य नोरबू थोलगपा, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश कारदो, यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दीपक ठाकुर, जिला इंटक अध्यक्ष दोरजे टशक्यांगपा, कोकसर यूथ कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष नितिन शाशनी, एनएसयूआई के पूर्व जिला प्रभारी देवी सिंह समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related posts