यहां मुख्यमंत्री के आदेश भी मायने नहीं रखते …

कर्णप्रयाग। चारधाम यात्रा से जुड़े कस्बों में बिजली कटौती नहीं किए जाने के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के आदेश के बावजूद यहां जब देखो विद्युत सप्लाई ठप हो रही है। मुख्यमंत्री के आदेश के दो दिन तो बिजली व्यवस्था ठीक रही लेकिन तीसरे दिन से फिर वही पुराना ढर्रा शुरू हो गया है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग स्थित कर्णप्रयाग श्रीबदरीनाथ धाम और हेमकुंड यात्रा का मुख्य पड़ाव है। इन स्थानों पर आने वाले यात्रियों को रात्रि विश्राम में बिजली की आंखमिचौनी से मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। इसका असर स्थानीय व्यवसायियों पर भी पड़ रहा है। चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने यात्रा से जुड़े नगरों एवं कस्बों को विद्युत कटौती से मुक्त रखने की बात कही थी। लेकिन इसका असर होता नहीं दिख रहा है। यात्रा के शुरूआती दो-तीन दिन व्यवस्था ठीक रही। लेकिन तीसरे दिन से हालात पूर्ववत हो गए हैं। रविवार सुबह से बिजली की आंखमिचौनी का सिलसिला बना रहा। दोपहर को दो घंटे बिजली गुल रही। पिंडरघाटी में भी घंटों बिजली गुल होने से बीएसएनएल की संचार सेवा भी जवाब दे रही है।

Related posts