मैं वारी मैं वारी मेरी समिये’ पर धूम

सिहुंता (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुलारा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले स्कूली बच्चों के लिए 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। समारोह में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। इसमें पहाड़ी, हिंदी व पंजाबी गीतों पर डांस कर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। शिल्पा एंड पार्टी ने मैं वारी मैं वारी मेरी समिये और जद भी मैं गिद्दे विच नचां सूरज भी मथा टेकदा पंजाबी गातों पर भंगड़ा प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया। स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश ठाकुर ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यातिथि ने स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसमें शिल्पा, नीशा देवी, मंजू देवी, अजय कुमार, कीर्ति संबियाल शामिल हैं। स्कूल की जमा दो कक्षा की छात्रा नविता और छात्र विवेक राणा को बेस्ट स्टूडेंट ऑफ दि ईयर के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा शशि पाल और सोमदत को बेस्ट खिलाड़ी का इनाम दिया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्कूल भवन की रिपेयर की जाएगी। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इसके अलावा स्कूल में रिक्त चल रहे हिंदी, राजनीति शास्त्र व संस्कृत के अध्यापकों के पदों को जल्द भरने का प्रयास किया जाएगा। स्कूल में प्राथमिकता के आधार पर साइंस लैब का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोला-काथला रोड पर स्थित बराहल खड्ड पर जल्द पुल का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2003 और 2007 में भटियात क्षेत्र में 100 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री ग्रामीण योजना के तहत पेंडिंग पड़ी सड़कों का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाए। इस दौरान व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र महाजन, एसएमसी अध्यक्ष चूहड़ सिंह राणा, टुंडी स्कूल के प्रधानाचार्य परस राम ठाकुर और चमन सिंह मौजूद रहे।

Related posts