
रुद्रपुर। टैक्स चोरी की सूचना पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क, सीमा शुल्क एवं सेवाकर विभाग (सर्विस टैक्स) की टीम ने नैनीताल रोड स्थित आवासीय कालोनी मेट्रोपोलिस के दफ्तर में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने दस्तावेजों की जांच की।
मेरठ से आई सर्विस टैक्स की टीम शुक्रवार की सुबह नैनीताल रोड स्थित मेट्रोपोलिस केदफ्तर में पहुंची। टीम ने कार्यालय में मौजूद सभी प्रबंधकाें से संबंधित फाइलें अपने कब्जे में ले लीं और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सर्विस टैक्स विभाग को सूचना मिली थी कि मेट्रोपोलिस सिटी ने जो फ्लैट बेचे थे, उनकी सर्विस से संबंधित टैक्स जमा नहीं किया। अचानक हुई छापामार कार्रवाई से मेट्रोपोलिस सिटी प्रबंधकों में हड़कंप मचा रहा। टीम में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि सर्विस टैक्स जमा न करने वाले संस्थानों के खिलाफ समय-समय पर विभाग द्वारा छापामार कार्रवाई की जाती है, जिसमें पत्रावलियों का अवलोकन कर जमा किए गए सर्विस टैक्स के ब्यौरे से मिलान किया जाता है। बताया कि जरूरी रिकार्ड जब्त कर टीम मेरठ स्थित जोनल हेडक्वार्टर पहुंचकर ही पत्रावलियों का अवलोकन करेगी। ताकि सर्विस टैक्स चोरी की सही जानकारी मिल सके। पूरी पड़ताल के बाद ही टैक्स चोरी की सही जानकारी हो सकेगी।
