मूर्तियों के पुलिस को देने होंगे फोटो

आनी (कुल्लू)। कुल्लू जिले के प्रसिद्ध मंदिरों की सुरक्षा को लेकर पुलिस कड़े कदम उठाने जा रही है। इसी कड़ी में एसपी कुल्लू के कार्यालय से जिले के सभी डीएसपी को निर्देश दिए गए हैं कि सभी मंदिरों में स्थापित मूर्तियों की फोटो लेकर रिकार्ड में रखी जाए। करोड़ों की संपत्ति के मालिक क्षेत्र के देवी देवताओं के मंदिरों में हर हाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके लिए मंदिर कमेटियों के साथ बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि मंदिरों में अगर कभी चोरी की घटना घट जाती है तो फोटो के आधार पर मूर्तियों की पहचान की जा सकेगी। इससे पता चल पाएगा कि जिस मूर्ति की चोरी हुई है, वह मंदिर में थी या नहीं। डीएसपी आनी प्रवीर ठाकुर ने एसपी कुल्लू के निर्देश मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मंदिर कमेटियों को इसके बारे में बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिरों की सुरक्षा के लिए मंदिर कमेटियों के साथ बैठक भी की जाएगी। वहीं करोड़ों की संपत्ति वाले मंदिरों की कमेटी को सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने साफ किया कि पुलिस हर मंदिर में सुरक्षा कर्मी को तैनात नहीं कर सकती है। इसलिए सभी मंदिर कमेटियों को उक्त आदेशों का पालन करना ही होगा।
लूहरी को मिले दो अतिरिक्त जवान
आनी (कुल्लू)। लूहरी चौकी को दो अतिरिक्त कांस्टेबल दिए गए हैं। डीएसपी प्रवीर ठाकुर ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से लूहरी जैसी संवेदनशील चौकी पर ये अतिरिक्त तैनाती सुरक्षा को मजबूती प्रदान करेगी। स्थानीय लोगों ने इसके लिए एसपी कुल्लू डॉ. विनोद धवन का आभार जताया है।

Related posts