मुश्किल हो गया युवक मंडलों का पंजीकरण

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में युवक मंडल का पंजीकरण करवाना अब मुश्किल हो गया है। युवक मंडल के पंजीकरण के लिए अब नई प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके लिए युवक मंडल पंजीकरण नियमों में फेरबदल किया गया है। युवक मंडल का पंजीकरण करवाने के लिए अब पंचायत की एनओसी लेना अनिवार्य किया गया है। युवा सेवा एवं खेल विभाग ने इस बारे निर्देश जारी किए हैं।
प्रदेश में सैकड़ों युवक मंडल पंजीकृत हैं। कई युवक मंडल किसी भी तरह की गतिविधि में अपनी भागीदारी नहीं निभा रहे हैं। बिलासपुर में ही करीब 400 ऐसे युवक मंडलों को चिन्हित किया गया था। यह युवक मंडल पूरी तरह से निष्क्रिय हो गए हैं। इसी के मद्देनजर विभाग ने युवक मंडलों का पंजीकरण करवाने के लिए नियमों में फेरबदल किया है। युवक मंडल का पंजीकरण करवाने के लिए संबंधित पंचायत की एनओसी को अनिवार्य बनाया गया है। यही नहीं, नए नियमों के अनुसार अब तीन किलोमीटर के दायरे में केवल एक ही युवक मंडल का पंजीकरण किया जाएगा। केवल नए युवक मंडल के पंजीकरण के लिए ही यह शर्तें लागू होंगी। पहले से पंजीकृत युवक मंडलों को इसके दायरे में नहीं लिया गया है।
नेहरू युवा केंद्र बिलासपुर में कार्यकारी प्रभारी शांतनु शाह ने कहा कि युवक मंडल के पंजीकरण के लिए पंचायत की एनओसी को अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा अब तीन किलोमीटर के दायरे में एक ही युवक मंडल का पंजीकरण किया जाएगा।

Related posts