
बिलासपुर। सदर थानांतर्गत औहर क्षेत्र में मारपीट करने पर उतारू हुए कुछ लोगों ने एक परिवार के सदस्यों को उन्हीं के मकान में बंधक बना दिया। बाद में वहां से निकलकर परिवार के कुछ सदस्य अपने रिश्तेदार के घर चले गए, लेकिन झगड़ा करने की नीयत से आरोपी वहां भी पहुंच गए। उन्हाेंने वहां भी इन लोगों को कमरे में बंद कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार औहर क्षेत्र निवासी चमेली देवी ने बुधवार को सदर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गत मंगलवार शाम मलकीयत सिंह, कृष्ण सिंह, मनु कुमारी, संध्या व कौशल्या उसके घर के आंगन में पहुंचकर गाली गलौज करने के साथ ही मारपीट पर भी उतारू हो गए। इस पर वह अपने बच्चों के साथ मकान के भीतर चली गई। ऐसे में उन लोग मकान को बाहर से कुंडी लगाकर वहां से चले गए। उनके जाने के बाद राजकुमारी नामक एक महिला ने कुंडी खोली। उसके दोनों बेटे उसकी बहन के घर चले गए। मलकीयत सिंह लड़ाई-झगड़ा करने के लिए वहां भी पहुंच गया। उसके दोनों बेटे अपने बचाव के लिए कमरे के भीतर चले गए। इस पर मलकीयत सिंह कमरे को बाहर से ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले गया। परिवार को जान का खतरा है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि सदर थाना में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
