
हल्द्वानी। आपदा प्रभावितों की मदद को उत्तराखंड के दूसरे जगहों पर रहने वाले लोग भी सामने आ रहे हैं। मुंबई, जयपुर और अहमदाबाद से उत्तराखंड प्रवासियों ने मदद एकत्र कर भेजी है। सामान से लदा ट्रक रविवार को हल्द्वानी पहुंचा है, जिसे जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाएगा। प्रवासियों ने आगे भी हर तरह की मदद का आश्वासन दिया है।
आपदा प्रभावितों की मदद के लिए हर तरफ से कदम बढ़ रहे हैं। मुंबई, जयपुर और अहमदाबाद आदि जगहों पर बड़ी संख्या में उत्तराखंड के लोग रहते हैं। वह भी राहत और बचाव कार्य में हर संभव मदद करना चाहते हैं। इन लोगों ने जगह-जगह से सामान एकत्र कर मुंबई की संस्था मन्नत के माध्यम से ट्रक रवाना किया। मुंबई से चला ट्रक हल्द्वानी रविवार को पहुंच गया है। संस्था के गणेश सनवाल ने बताया कि प्रवासी लोगों ने राशन, रेन कोट, टैंट आदि जरूरी सामान को एकत्र कर भेजा है। उनकी संस्था स्थानीय संस्थाओं की मदद से गोचर, देवाल और जोशीमठ में भंडारा भी चला रही है। सामान हल्द्वानी पहुंच गया है, जहां से छोटे वाहनों से प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाएगा।
