मलबे की चपेट में आने से दो महिलाएं घायल

उरला (मंडी)। ग्र्राम पंचायत उरला के बधाला गांव में भारी बारिश के कारण भूस्खलन होने से दो महिलाएं मलबे की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों बुरी तरह जख्मी हो गई हैं। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक अस्पताल पधर लाया गया, जहां से गंभीर रूप से जख्मी एक महिला को जोनल अस्पताल मंडी के लिए रेफर किया गया है, वहीं दो अन्य महिलाओं को आंशिक रूप से चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उरला के बधाला गांव में एक शादी समारोह दौरान रीना देवी (27) निवासी कतयूर पधर तथा कोका देवी (25) निवासी गवाली अन्य महिलाओं के साथ बुधवार शाम गांव के समीप जल पूजन कर रही थीं। अचानक पहाड़ी से हुए भूस्खलन से दोनाें महिलाएं मलबे की चपेट में आ गईं, जिससे उन्हें पांव, टांगों तथा छाती में गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों के अनुसार रीना देवी का पैर पत्थर के नीचे आ गया था, जिसे काफी मशक्कत से निकाल कर दोनों महिलाओं को उपचार के लिए सामुदायिक अस्पताल पधर पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से जख्मी रीना देवी को जोनल अस्पताल मंडी के लिए रेफर कर दिया गया है, जबकि कोका देवी का पधर अस्पताल में उपचार चल रहा है।
उधर, घटना का पता चलते ही तहसीलदार पधर लालमन ने पधर अस्पताल जाकर घायल महिला का कुशलक्षेम पूछा तथा अस्पताल प्रशासन को निशुल्क उपचार करने के निर्देश दिए।

Related posts