
कोकसर (लाहौल-स्पीति)। मनाली-लेह मार्ग पर अब करीब पांच माह तक वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाएगी। रोहतांग में हुई बर्फबारी और मौसम के खराब रुख के देखते हुए बीआरओ ने चंद्रा नदी पर बने कोकसर पुल की प्लेटें हटा दी हैं। लाहौल की ओर से अब कोई भी वाहन रोहतांग की ओर नहीं जा पाएगा। हालांकि मनाली से लोग वाहनों में रोहतांग तक तो पहुंच जाएंगे लेकिन आगे केलांग-लेह नहीं जा पाएंगे। कोकसर पुल की प्लेटें हटाने पर स्थानीय लोगों ने रोष जताया है। लोगों का कहना है कि पुल की प्लेटें हटाने के बाद अब आपातकाल में भी वाहन रोहतांग पार नहीं कर पाएंगे। स्थानीय निवासी सुरेश, निर्मल, अमरजीत, काकू, देवी सिंह, जवाहर, मनोज आदि ने बताया कि बर्फबारी न होने तक रोहतांग के लिए वाहनों की आवाजाही चालू है, लेकिन पुल की प्लेटें हटाने से अब लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उधर, 70 आरसीसी के ओसी एसके एंथोनी ने बताया कि ज्यादा बर्फबारी के कारण पुल पर लोड पड़ता है। ज्यादा लोड के कारण पुल टूटने का खतरा रहता है। इस कारण पुल की प्लेटें हटा दी हैं। उन्होंने कहा कि रोहतांग दर्रा आधिकारिक रूप से बंद करने के बाद प्लेटें हटाई गई हैं। उन्होंने कहा कि केवल 12 घंटे की बर्फबारी में ही कई जानें जाने की नौबत बन आई थी। उन्होंने लोगों से अपील की वे रोहतांग के लिए वाहन न लेकर जाएं।
