
शिमला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह दिवाली से पहले नई ताजपोशियां कर सकते हैं। कांग्रेस पार्टी के भीतर चर्चा है कि ऊना से कुलदीप कुमार और करसोग से मनसा राम जैसे वरिष्ठ विधायकाें को कोई पद मिल सकता है। ये चाहे कैबिनेट रैंक के समकक्ष कोई पोस्ट हो या मुख्य संसदीय सचिव का पद। कुल्लू जिला के कोटे से इस बार बंजार के विधायक कर्ण सिंह की भी किसी न किसी पद पर नियुक्ति हो सकती है।
पार्टी सूत्र कहते हैं कि कुलदीप कुमार का नाम मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार पद के लिए चल रहा है। मनसा राम सीपीएस बनने को भी राजी हैं। वर्तमान विधानसभा के सबसे वरिष्ठ सदस्य मनसा राम इससे पहले डा. वाईएस परमार, वीरभद्र सिंह, ठाकुर रामलाल और प्रेम कुमार धूमल सरकारों में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। शिलाई से हर्षवर्धन चौहान और सरकाघाट से रंगीला राम राव के लिए भी नए पदों की तलाश है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने तीन दिन पहले अचानक नई दिल्ली जाकर हिमाचल कांग्रेस प्रभारी अंबिका सोनी से मुलाकात की थी। लौटने के बाद उन्होंने कहा था कि कुछ नए लोगों को सरकार में एडजस्ट किया जाएगा। दो नए सीपीएस की नियुक्ति की बात भी उन्होंने कही है। ये भी बताया था कि मंत्रिमंडल विस्तार पर भी विचार चल रहा है।
इन सब संभावनाआें को देखते हुए झंडी के तलबगारों में धुकधुकी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 7 या 8 अक्तूबर को भरमौर जाने वाले हैं। इसके बाद अंतिम सप्ताह में कांगड़ा का दौरा भी होगा। ऐसे में माना जा रहा है कि दिवाली से पहले ये नियुक्तियां हो सकती हैं। नवरात्र में ही इस संभावना को नहीं नकारा जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू का कहना है कि सरकार में नियुक्तियां मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। इस बारे में हाईकमान से चर्चा हुई है।
