
चंबा। शिव भूमि चंबा की विश्व प्रसिद्ध मणिमहेश झील में स्नान करने और भोलेनाथ के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए एचआरटीसी ने बसों के पुख्ता प्रबंध किए हैैं। इस बार एचआरटीसी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जहां हाल ही में रात को 12 बजे के बाद भी आवाजाही के लिए बसों की व्यवस्था की है, वहीं बाहरी डिपो से अतिरिक्त सात बसें मंगवाई हैं। ये बसें श्रद्धालुओं को हड़सर तक पहुंचाने के लिए मंगवाई गई हैं और ये बसें दिन व रात को चंबा-भरमौर-हड़सर और चंबा-पठानकोट के लिए दौड़ रही हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को मणिमहेश जाने के लिए 24 घंटे बस सुविधा मिलेगी। इससे पहले चंबा से भरमौर के लिए करीब एक दर्जन एचआरटीसी की बसें और एक दर्जन से ज्यादा निजी बसें चली रही थीं। अब इनमें सात और नई बसें जुड़ गईं हैं। जिला चंबा में वर्तमान में एचआरटीसी के पास 100 के करीब बसें हैं। इनमें से जो भी बस दूसरे रूट पर सेवाएं देकर लौटती है तो उसे खड़ा न करके मणिमहेश यात्रियों को ढोने के लिए लगाया जा रहा है। अब श्रद्धालुओं को पठानकोट से चंबा और जिला मुख्यालय के बस स्टैंड से भरमौर आने-जाने के लिए बस सुविधा को लेकर कोई समस्या नहीं होगी।
बाक्स
दिन-रात मिलेगी बस सेवा
निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप राणा ने बताया कि रात के 12 बजे के बाद भी सवारियां को बस सेवा मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि चंबा-पठानकोट और चंबा-भरमौर हड़सर मार्ग पर एक दर्जन से अधिक अतिरिक्त बसें दौड़ रही हैं और यात्रियों को उनके गंतव्य तक छोड़ रही हैं। आधिकारिक तौर पर यात्रा 28 अगस्त से 13 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान निगम रात-दिन श्रद्धालुओं को बस सेवा मुहैया करवाएगा। राधाष्टमी के दिन बडे़े न्हौण में हजारों की तादाद में श्रद्धालु पवित्र स्नान में हिस्सा लेते हैं।
