मंत्री और विधायक तबादलों पर रोक के बावजूद भी जारी कर रहे डीओ नोट

मंत्री और विधायक तबादलों पर रोक के बावजूद भी जारी कर रहे डीओ नोट

मुख्यमंत्री सुखविन्दर सुक्खू ने सामान्य तबादलों पर लगाई है रोक फिर भी कई मंत्री और विधायक और पार्टी नेताओं की ओर से कर्मचारियों को तबादलों के लिए डीओ नोट जारी हो रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में तीन हजार नोट पेंडिंग हैं। विशेष परिस्थितियों और ठोस कारण में ही मुख्यमंत्री कार्यालय से तबादला आदेश जारी हो रहे हैं। शिक्षकों के सबसे ज्यादा नोट कार्यालय में लंबित हैं।

इनकी संख्या आठ सौ से ज्यादा है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज विभाग, बिजली बोर्ड, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के भी एक हजार से ज्यादा डीओ नोट पेंडिंग में हैं। कर्मचारी नेताओं को विश्वास में लेकर मनपसंद स्टेशन चाह रहे हैं। ओएसडी मुख्यमंत्री और प्रधान निजी सचिव के पास भी तबादलों के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। मंत्रियों को तबादला करवाने का कारण पूर्व सरकार के कार्यकाल में कर्मचारियों व अधिकारियों को प्रताड़ित करना बताया जा रहा है।

प्रदेश सरकार ने सामान्य तबादलों पर रोक लगाई है लेकिन प्रतिदिन दर्जनों कर्मचारी अपने तबादलों को लेकर सचिवालय पहुंच रहे हैं। कई नेता भी मंत्रियों के पास जाकर कर्मचारियों की एडजस्टमेंट कराने के डीओ नोट जारी करने की मांग कर रहे हैं। बड़ी बात यह है कि इन कर्मचारियों को यह पता रहता है कि कौन कर्मचारी, शिक्षक व डाॅक्टर सेवानिवृत्त हो रहा है। ऐसे में यह सीट खाली हो रही है।

Related posts