मंडेला की पत्नी को ओबामा ने दी सांत्वना

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने दक्षिण अफ्रीका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला की पत्नी ग्रेसा माशेल को फोन कर उन्हें वैश्विक रंगभेद विरोधी आंदोलन के प्रणेता मंडेला के निधन पर सांत्वना दी है। वैश्विक रंगभेद विरोधी आंदोलन के प्रणेता नेल्सन मंडेला का लंबी बीमारी के बाद कल जोहानिसबर्ग में निधन हो गया।

व्हाइट हाउस से जारी एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने खुद पर नेल्सन मंडेला के व्यापक प्रभाव के लिए माशेल को शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंडेला का ना सिर्फ दक्षिण अफ्रीका, बल्कि पूरे विश्व पर गहरा प्रभाव है।

बयान के अनुसार, ओबामा ने माशेल को कल फोन किया। उन्होंने मंडेला के जीवन में खुशियां लाने के लिए और मंडेला के साथ शांति की प्रतिबद्धता पर कायम रहने तथा दुनिया से प्रेम करने के लिए भी उनका आभार व्यक्त किया।

बाद में शाम को क्रिसमस ट्री रोशन करते हुए ओबामा ने एक बार फिर मंडेला को याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने पूरे गरिमा और अदम्य साहस के साथ अपना जीवन जिया। हम ईश्वर के आभारी हैं कि हमें मंडेला की अच्छाइयां और उनका संघर्ष देखने का मौका मिला।’’

Related posts