मंडी उप चुनाव को भाजपा की कदमताल शुरू

मंडी। मंडी संसदीय उप चुनाव के लिए भाजपा की ओर से कदमताल शुरू हो गई है। हाल ही में कसौली में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय कार्यकर्ता चिंतन बैठक में इस बारे में रणनीति बनाई गई है। इसके तहत भाजपा मार्च के प्रथम सप्ताह तक मंडी संसदीय उप चुनाव के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा की औपचारिकता पूरी कर लेगी। इससे पूर्व संसदीय क्षेत्र प्रभारी, सह प्रभारी और विधानसभा स्तर पर प्रभारी और सह प्रभारी तैनात कर दिए जाएंगे। विधानसभा चुनावों में मिली हार का बदला भाजपा अब मंडी संसदीय उप चुनाव में लेना चाहेगी। वैसे भी विधानसभा चुनाव में भाजपा की परफार्मेंस प्रदेश में सबसे बेहतर रही है। मंडी की दस में से पांच सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज कर अपनी साख बचाई है। अब मंडी संसदीय क्षेत्र उप चुनाव को लेकर भाजपा की सक्रियता से यह संकेत मिलने लगे हैं कि विधानसभा चुनाव में मिली हार के गम को भाजपा मंडी संसदीय उप चुनाव में जीत दर्ज कर कम करना चाहती है। मगर भाजपा के पास भी कांग्रेस की तरह ही प्रत्याशी को लेकर अभी अनिश्चितता बनी हुई है। प्रदेश के सबसे बड़े मंडी संसदीय क्षेत्र में जहां भाजपा के परंपरागत प्रत्याशी महेश्वर सिंह अब पार्टी छोड़ कर हिलोपा का गठन कर चुके हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी रहे वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्री बनने के बाद इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में भाजपा नए प्रत्याशी के रूप में पूर्व लोनिवि मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश महामंत्री राम स्वरूप शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष अजय राणा और मंडी के ही एक ट्रेड यूनियन नेता पर दांव खेल सकती है। इधर, भाजपा प्रदेश महामंत्री राम स्वरूप शर्मा का कहना है कि मंडी संसदीय क्षेत्र उप चुनाव में भाजपा अब निर्णायक लड़ाई को तैयार है। मार्च पहले सप्ताह तक भाजपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगी। पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, जयराम ठाकुर , अजय राणा और मंडी से एक ट्रेड यूनियन लीडर का नाम इस दौड़ में शामिल है। इससे पूर्व संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा।

Related posts