भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर की गिरफ्तारी पर प्रियंका गांधी का ट्वीट- ये अपमान बर्दाश्त से बाहर है

नई दिल्ली
चंद्रशेखर आजाद के समर्थन में आईँ प्रियंका गांधी
चंद्रशेखर आजाद के समर्थन में आईँ प्रियंका गांधी
दिल्ली में रविदास मंदिर तोड़े जाने के विरोध में रामलीला मैदान में जुटे भीम आर्मी के कार्यकर्ता उग्र हो गए और पत्थरबाजी की। इन्हें रोकने के लिए पुलिस को बल प्रयोग के साथ ही भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद समेत कई लोगों को गिरफ्तार करना पड़ा। इन्हीं गिरफ्तारियों के बाद कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी चंद्रशेखर आजाद के बचाव में उतर आई हैं।

प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा- ‘भाजपा सरकार पहले करोड़ों दलित बहनों-भाइयों की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक रविदास मंदिर स्थल से खिलवाड़ करती है और जब देश की राजधानी में हजारों दलित भाई-बहन अपनी आवाज उठाते हैं तो भाजपा उन पर लाठी बरसाती है, आंसू गैस चलवाती है, गिरफ़्तार करती है।’

प्रियंका ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘दलितों की आवाज का ये अपमान बर्दाश्त से बाहर है। यह एक जज्बाती मामला है उनकी आवाज का आदर होना चाहिए।’

गौरतलब है कि रविदास मंदिर तोड़े जाने के विरोध मेें रामलीला मैदान में जुटे लोग बुधवार शाम तुगलकाबाद पहुंच गए। हजारों लोगों ने तोड़े गए मंदिर की ओर कूच करने की कोशिश की।

पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो इन लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। उग्र होती भीड़ को रोकने के लिए आखिर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद भीड़ की पुलिस से खूब झड़प हुई। भीड़ ने तुगलकाबाद इलाके में सड़क पर खड़ी गाड़ियों को तोड़ना शुरू कर दिया। 100 से अधिक गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए।

Related posts