“भारत जोड़ो यात्रा” कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकालेगी कांग्रेस

“भारत जोड़ो यात्रा” कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकालेगी कांग्रेस

बिलासपुर। कांग्रेस वीरवार को कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा शुरू करेगी और वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता को अवगत करवाएगी। करीब 3500 किलोमीटर लंबी यात्रा को 150 दिन में पूरा किया जाएगा। यात्रा हिमाचल सहित 12 राज्यों से होकर गुजरेगी। यह बात प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता तेजस्वी शर्मा ने बिलासपुर में पत्रकार वार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि भारत देश को कांग्रेस पार्टी ने अपने खून की नदियां बहा कर बनाया है। अंग्रेजी हुकूमत की प्रताड़ना सहते हुए गुलामी से मुक्ति दिलाई है, लेकिन आज भारत की फिर से वही हालत होने जा रही है। देश केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गुलामी की ओर जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता को समृद्धि के बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन बदले में महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक असमानता और सामाजिक तनाव दिया। आज जनता बुरी तरह से त्रस्त है। जनता को जागरूक करने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक यह यात्रा की जा रही है।
उन्होंने कहा देश में अमीर और अमीर हो रहें हैं और गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। देश की संपत्तियों को मोदी सरकार अपने चहेतों को बेच रही है। इस सरकार का दिखावा कुछ और है और धरातल पर कुछ और। इनी मुद्दों के साथ कांग्रेस पार्टी जनता में जाएगी और उसे सरकार के वास्तविक रूप से रूबरू करवाएगी। इस मौके पर अनुराग पंडित, सरपाल ठाकुर, रोशन पाठक, सूर्या रोहित और विजय ठाकुर आदि कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts