भारत जागो, विश्व जगाओ’ का जयघोष गूंजा

हमीरपुर। ‘भारत जागो, विश्व जगाओ’ के जयघोष के साथ स्वामी विवेकानंद सार्द्धशती समारोह का विधिवत आगाज हुआ। विवेकानंद जयंती पर जिला भर में दर्जन भर स्थानों पर शोभा यात्राओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष भगवान दास ने स्वामी जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। चिरंजी लाल ने कहा कि विवेकानंद का जीवन समाज के सभी वर्गों के लिए विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा दायक है। पराधीनता के दौरान विवेकानंद जी ने न केवल हिंदू दर्शन बल्कि भारतीय संस्कृति को विश्व पटल पर स्थापित किया। इसके तहत स्वामी विवेकानंद के संदेश को प्रचारित किया गया। स्वामी विवेकानंद सार्द्धशती समारोह समिति के बैनर तले वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
हमीरपुर नगर में ब्वाय स्कूल के खेल मैदान में विवेकानंद जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर संयोजक चिरंजी लाल तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष शास्त्री भगवान दास ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शोभा यात्रा खेल मैदान से शुरू होकर नादौन चौक, गांधी चौक, मुख्य बाजार, भोटा चौक बस स्टेंड से होकर खेल मैदान में समाप्त हुई। शोभा यात्रा के दौरान भारत जागो, विश्व जगाओ, जय विवेकानंद की, का जयघोष गूंजता रहा।
कार्यक्रम में आरसी शर्मा, जगदीश चंद गौतम, राकेश शर्मा, विवेक, अनुराग सेठी, विजय पाल, रजनीश गौतम, ज्ञान चंद आर्य, सचिन शर्मा, अजय प्रसाद, अभिनव वर्मा, रमन राणा, बलविंदर कुमार, योग माया, सुशीला देवी, गंगा, कांता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts