भारतीय मूल के एमी बेरा पहुंचे अमेरिकी कांग्रेस

वाशिंगटन : अमेरिका में 60 साल पहले दिलीप सिंह सौंद ने इतिहास रचा था, जब वह अमेरिकी कांग्रेस के लिए निर्वाचित होने वाले भारतीय मूल के पहले अमेरिकी नागरिक थे। इसे अब भारतीय मूल के एमी बेरा ने दोहराया है, जो कैलीफोर्निया में चिकित्सक हैं। उन्होंने कड़े मुकाबले में अपने रिपलब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डैन लंग्रेन को हराया।

डेमोक्रेट उम्मीदवार बेरा की गुरुवार को हुई जीत के साथ अमेरिकी कांग्रेस में पहुंचने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों की संख्या सौंद के बाद तीन हो गई है। सौंद वर्ष 1952 में अमेरिकी कांग्रेस के लिए निर्वाचित हुए थे। इसके वर्ष 2004 में लुइजियाना के गवर्नर बॉबी जिंदल अमेरिकी कांग्रेस के लिए चुने गए थे। बेरा (45) ने अपने प्रतिद्वंद्वी लंग्रेन को 48.9 प्रतिशत वोट के मुकाबले 51.1 प्रतिशत वोट से हराया। उन्होंने अपनी दूसरी कोशिश में लंग्रेन को हराया।

दो साल पहले भी उन्होंने लंग्रेन के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे। एल्क ग्रोव के निवासी बेरा छह नवंबर को हुए मतदान के बाद रिपब्लिकन लंग्रेन से 184 वोट से आगे चल रहे थे। मंगलवार को वह 3,800 वोट से आगे थे, जो गुरुवार को 5,700 हो गया। चुनाव कैलीफोर्निया की सातवीं जिला कांग्रेस सीट के लिए हुए थे, जो सेक्रामेंटो उप शहर का प्रतिनिधित्व करता है।

अपनी जीत के बाद बेरा ने कहा, ‘‘कांग्रेस में रहते हुए सेक्रामेंटो काउंटी की सेवा करना मेरे लिए सम्मानजनक होगा।’’उन्होंने कहा, ‘‘यह समय साझा आधार ढूंढने तथा अर्थव्यवस्था के पुननिर्माण के लिए आगे बढऩे का है, जो मध्यम वर्ग के लिए काम कर सके। कांग्रेस सदस्य लंग्रेन ने लम्बे समय तक जनता की सेवा की, जिसके लिए उनकी सराहना की जानी चाहिए।

’’उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा तथा अर्थव्यवस्था को अपनी शीर्ष प्राथमिकताओं में से बताया। बेरा का पालन-पोषण कैलीफोर्निया के ला पाल्मा में हुआ। उन्होंने इरविन स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कैलीफोर्निया से जीवविज्ञान में स्नातक की डिग्री ली और वर्ष 1991 में वहीं से एमडी की उपाधि ली।

Related posts

Leave a Comment