भाजयुमो ने बोला केंद्र पर हल्ला हल्ला

मंडी। भाजयुमो मंडी जिला के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार और घोटालों के विरोध में केंद्र की यूपीए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंक कर रोष प्रकट किया। मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहर के बीच चौहाटा बाजार में इकट्ठा होकर यूपीए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष पाल वर्मा ने कहा कि यूपीए के पिछले चार साल के कार्यकाल को इतिहास में भ्रष्टाचार के लिए याद रखा जाएगा। टूजी घोटाला, कोयला एवं कॉमनवैल्थ घोटाला से पूरा देश शर्मसार हुआ, लेकिन यूपीए सरकार हमेशा घोटालों को छुपाती रही। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक परिवार के इशारे पर चलती है। यूपीए सरकार इतिहास की सबसे बड़ी कमजोर सरकार है, जो कोई भी बड़ा निर्णय लेने में सक्षम नहीं है। चाहे बात चीन के साथ सीमा विवाद की हो, हाल ही में सामने आया सरबजीत का मामला या वर्षों पुराना कश्मीर का मसला। मोर्चा पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। पाल वर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की हालत खस्ता हो गई है। गुटबाजी इस कद्र हावी है कि एक मंत्री काम करता है तो दूसरा उसकी टांग खींचने में लगा है। इस बीच विकास के कार्य ठप पड़ गए हैं। तल्ख तेवराें के साथ मोर्चा कार्यकर्ताआें ने यूपीए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा, हेमंत, मुनीश मल्होत्रा, संजय कुमार, आशीष टंडन, सराज मंडल भाजयुमो अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, बल्ह मंडलाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, सदर मंडल अध्यक्ष भुवनेश, इंद्र सिंह, दीपक गुलेरिया, मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, भंवर भारद्वाज, महेश सिपहिया, चमन शर्मा, हरीश शर्मा, विकास अरोड़ा, संदीप राणा, मुकेश शर्मा, पुष्पराज शर्मा, संजय कुमार, दुष्यंत कुमार, परमदेव, योगिंद्र, मनोहर, चंदन शर्मा, रेवती राम, कमलेश कुमार, नागेंद्र, ललित सोनी, लाभ सिंह, ज्योति, अतुल वैद्य, प्रशांत शर्मा, निशांत वैद्य आदि भी शामिल थे।

Related posts