
सुंदरनगर (मंडी)। नाचन विधानसभा क्षेत्र के रो पाली गांव में एक व्यक्ति ने दराट से डराकर एक चार माह की गर्भवती महिला को जबरन गहरी ढांक में ले जाकर उसकी पिटाई कर अस्मत लूटने के प्रयास करने का मामला सामने आया है। जिस समय यह घटना हुई महिला अपने चार साल के बच्चे को स्कूल छोड़ कर वापिस घर जा रही थी। ढांक में महिला के चीखने की आवाज सुनकर पास ही घास काट रही एक महिला ने शोर मचा दिया। इस पर आरोपी महिला को छोड़ कर वहां से फरार हो गया। पुलिस की ओर से इस मामले में आरोपी के खिलाफ महज छेड़छाड़ और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। इस पर पीड़िता के पति ने रोष प्रकट किया है।
जानकारी के अनुसार नाचन विधानसभा क्षेत्र के रो पाली गांव निवासी एक महिला वीरवार सुबह अपने चार साल के बच्चे को स्कूल छोड़ वापिस लौट रही थी। पीड़ित महिला के अनुसार इसी दौरान वहां पर पीछे से आकार आरोपी जगजीवन पाल ने दराट उसकी गर्दन पर रख दिया तथा उसे घसीटते हुए नीचे ढांक की ओर ले गया। जहां पर उसने उसके साथ मारपीट की और अश्लील हरकतें करने लगा। जब वह चिल्लाने लगी तो उसने उसे मार डालने की धमकी दी तथा उसके कपड़े फाड़ने लगा। इसी दौरान पास ही घास काट रही एक महिला ने जब चित्लाने की आवाज सुनी तो वह मौके की ओर भागी तथा गांव वालों को भी सहायता के लिए बुलाने लगी। महिला को देख कर आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना से सहमी महिला ने घर पहुंच कर अपने साथ घटी घटना से परिजनों को अवगत कराया। जिन्होंने बल्ह थाना को इस घटना की सूचना दी। पीड़ित महिला के पति के अनुसार पुलिस ने इस घटना को महज छेड़छाड़ व मारपीट का ही मामला बना रपट दर्ज की है। जबकि उसकी पत्नी के अनुसार आरोपी ने उसकी अस्मत पर भी हाथ डालने का प्रयास किया था। हेमराज ने बताया शुक्रवार को उसने अपनी चार माह की गर्भवती पत्नी का अल्ट्रासाउंड भी करवाया है, ताकि पता चल सके की इस घटना में उसके पेट में पल रहे बच्चे को तो कोई हानि नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामला की उच्च स्तरीय जांच करवा कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाई की मांग की है।
बल्ह थाना प्रभारी ओम राज ने बताया पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है उससे दराट भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादसं की धारा 341,323,506 व 354 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया पुलिस पीड़ित महिला का एक बार फिर से बयान दर्ज करेगी। इसके बाद अगर आवश्यक हुआ तो आरोपी पर और धाराएं भी लगाई जाएंगी।
